रुद्रप्रयाग। पंचकेदारों में तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने से पहले मंदिर को आठ कुंतल फूलों से सजाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा तुंगनाथ के दर्शन किए।समुद्रतल से करीब 3680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित तुंगनाथ मंदिर में सुबह से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। मंदिर के पुजारी वेदपाठी अभिषेक मैठाणी ने पूजा-अर्चना और परंपरागत अनुष्ठान संपन्न कराए। इसके बाद भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ के लिए रवाना हुई।उत्सव डोली शुक्रवार को चोपता में रात्रि प्रवास करेगी। सात नवंबर को भनकुंड पहुंचेगी और आठ नवंबर को मक्कूमठ स्थित मर्कटेश्वर मंदिर में विराजमान होगी। शीतकाल में भगवान तुंगनाथ की पूजा-अर्चना यहीं की जाएगी।कपाट बंद होने के अवसर पर पुजारी अभिषेक मैठाणी, कोतवाली ऊखीमठ के प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।





