देहरादून : बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद से ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और बीकेटीसी अध्यक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है।बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बीकेटीसी अध्यक्ष पद पर रहते हुए गोदियाल ने मंदिर समिति के कोष से चढा़वे व दान से एकत्रित पैसे की खूब बंदरबांट की। अपने विधानसभा क्षेत्र में व्यक्तिगत लोगों को 25 हजार से पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी।भाजपा मुख्यालय में प्रेसवार्ता में द्विवेदी ने कहा, मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच चल रही है और जो भी दोषी पाया गया, उसे किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन गोदियाल बिना तथ्यों व प्रमाणों के झूठे आरोप लगाकर जांच प्रभावित करने और दोषियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।





