जैश के निशाने पर बंगाल के सीएम: शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ी

कोलकाता।पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित खतरे के इनपुट के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की जांच में सामने आए तथ्यों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्यमंत्री के लिए बुलेटप्रूफ वाहन के इस्तेमाल को अनिवार्य कर दिया है। अधिकारियों का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता।एसटीएफ ने इस मामले में पूर्व बर्धमान जिले के बर्धमान शहर से हमीम मंडल को गिरफ्तार किया है। इसके बाद उसकी कथित सहयोगी अर्पिता सरकार को भी हिरासत में लिया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, शुरुआती जांच में दोनों के तार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पास से मुख्यमंत्री के दैनिक कार्यक्रम और यात्रा मार्ग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी भी बरामद हुई है। फिलहाल एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि यह जानकारी उनके पास कैसे पहुंची और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के काफिले में बुलेटप्रूफ वाहन पहले से शामिल था, लेकिन शुभेंदु अधिकारी आमतौर पर लोगों से सीधे संपर्क बनाए रखने के लिए सामान्य वाहन से यात्रा करना पसंद करते थे। हालांकि, ताजा सुरक्षा इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें केवल बुलेटप्रूफ वाहन से यात्रा करने की सलाह दी है। रविवार शाम को कांथी स्थित अपने पैतृक आवास से कोलकाता लौटते समय उन्होंने इसी वाहन का इस्तेमाल किया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *