अंबेडकरनगर : : उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस अधीक्षक (हेडक्वार्टर) के पद पर तैनात आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। अब पुलिस करीबियों की कॉल डिटेल खंगाल रही है। एसओजी-सर्विलांस और फोरेंसिक टीम ने फिर से सबूत जुटाए हैं। ग्रामीणों और रिश्तेदारों से पूछताछ की गई है। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस अधीक्षक (हेडक्वार्टर) के पद पर तैनात आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती (91) की हत्या के मामले में पुलिस आसपास ग्रामीणों से पूछताछ में जुटी है। इंद्रावती के संपर्क में रहने वाले लोगों और उनके मोबाइल नंबरों की पड़ताल कर रही है। हालांकि अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुबूत नहीं लगा है। घर के आसपास व गांव में सीसीटीवी कैमरा न होने से पुलिस की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरूआ गांव निवासी इंद्रावती का शव रविवार सुबह करीब 10 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में उनके घर में मिला था। उनके मुंह से खून बह रहा था और शरीर से जेवर गायब थे। एसपी आशुतोष मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने लूट और हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। देर रात शव का पोस्टमॉर्टम हुआ था, लेकिन मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका।
हालांकि, शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। विसरा सुरक्षित रखा गया है। सूत्रों के अनुसार सोमवार को एसओजी, सर्विलांस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोबारा गहन जांच की और मौके से उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया। पुलिस टीमों ने ग्रामीणों, रिश्तेदारों और आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांव आने के बाद इंद्रावती की किन-किन लोगों से बातचीत हुई थी। इसके अलावा, इंद्रावती के घर आने-जाने वालों तथा घटना से एक दिन पहले उनसे मिलने वालों की भी जानकारी इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
देर शाम दो लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ की गई।सूत्रों के अनुसार, आशुतोष मिश्रा के घर का छोटा दरवाजा आमतौर पर खुला रहता था। इंद्रावती जब गांव आती थीं तो दालान में ही सोती थीं। ग्रामीणों के बीच उनका काफी सम्मान था, इसलिए सुरक्षा को लेकर भी किसी तरह की विशेष चिंता नहीं थी। घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि जो इंद्रावती आमतौर पर बरामदे में सोती थीं, वह वारदात वाली रात घर के हॉल में क्यों सो रही थीं। इसके अलावा, घटना के बाद घर के बाहरी दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद मिली। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी परिचित व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।





