ऋषिकेश : वन विभाग की एक महिला कर्मचारी को झांसे में लेकर ठगों ने सोने की चेन ठग ली। मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रही है। प्रगति विहार स्थित विभागीय कॉलोनी निवासी मंजू रावत मंगलवार को किसी काम से मायाकुंड जा रही थीं। बताया गया कि पुरानी मंडी के पास उन्हें एक युवक मिला, जिसने खुद को जरूरतमंद बताते हुए कुछ रुपये मांगे। इसी दौरान वहां दो अन्य युवक भी पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने उन्हें नोटों का एक बंडल दिखाते हुए कहा कि उसमें एक लाख रुपये हैं। साथ ही बैंक से और नकदी लाकर जरूरतमंद युवक की मदद करने की बात कही। बातचीत के दौरान एक युवक ने उनके गले से करीब एक तोले की सोने की चेन निकाल ली। महिला काफी देर तक वहीं बैठी रही, लेकिन युवक वापस नहीं लौटे। बाद में आसपास के लोगों ने महिला से जानकारी ली। जांच करने पर पता चला कि जिस बंडल को नोटों से भरा बताया गया था, उसमें ऊपर केवल एक असली नोट था, जबकि अंदर कागज रखे हुए थे। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।





