कोलकाता। बंगाल विधानसभा (विस) चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण के तहत बुधवार को सात जिलों की 142 सीटों के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा में वोट पड़ेंगे।गत 23 अप्रैल को पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से 93.19 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान हुआ था। इनमें अधिकांश उत्तर बंगाल के जिले थे।अब दक्षिण बंगाल के सात जिलों कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया व पूर्व बद्र्धमान में वोट पड़ेंगे। इन जिलों में शांतिपूर्ण मतदान कराना चुनाव आयोग के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी, हालांकि उसने भी कमर कस रखी है और सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।इस चरण में केंद्रीय बलों की 2,231 कंपनियों यानी दो लाख से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ करीब 40 हजार पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहेंगे। कोलकाता में सबसे अधिक (273) कंपनियां तैनात रहेंगी।पहले चरण में मतदान केंद्रों के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जबकि दूसरे चरण में सुरक्षा और कड़ी करते हुए बूथों पर जाने के रास्तों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यही नहीं, ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। इस चरण में पुलिस पर्यवेक्षकों की संख्या भी 84 से बढ़ाकर 95 की गई है।भवानीपुर पर सबकी नजरदूसरे चरण में सबकी नजर कोलकाता की भवानीपुर सीट पर रहेगी, जहां मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी में मुकाबला है।सुवेंदु नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां पहले चरण में मतदान हो चुका है। सुवेंदु ने 2021 के चुनाव में नंदीग्राम में ममता को हराया था।दूसरे चरण में कुल 1,448 प्रत्याशी हैं, जिनमें फिरहाद हकीम, अरूप बिश्वास, जावेद खान, सुजीत बसु, शशि पांजा समेत ममता सरकार के कई मंत्री, बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार, माकपा की तेज-तर्रार नेता मीनाक्षी मुखर्जी व दीप्शिता धर शामिल हैं।आरजी कर अस्पताल में दुष्कर्म व हत्या की शिकार हुईं डॉक्टर की मां व संदेशखाली आंदोलन का चेहरा रेखा पात्र भी अंतिम चरण की प्रत्याशी हैं।





