नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर-पश्चिमी भूटान के गासा जिले में शिंताफू झील में ‘ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड’ (ग्लेशियर झील के फटने से आई बाढ़) की घटना सामने आई है, जिसके चलते पश्चिम बंगाल और असम के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। यह घटना गुरुवार शाम को हुई। इसे देखते हुए अधिकारियों ने पूरे उत्तर बंगाल में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और आपातकालीन तैयारियां शुरू कर दी हैं।मो छू नदी के उद्गम स्थल पर स्थित शिंताफू झील को भूटान की 17 संभावित खतरनाक ग्लेशियर झीलों में से एक माना जाता है। इससे पहले 26 अगस्त 2021 को भी एक भीषण बाढ़ के कारण गासा त्साचू बह गया था, जब उफान पर आई मो छू नदी ने अपना रास्ता बदलकर गर्म पानी के झरने की ओर रुख कर लिया था।संकोश नदी और उसकी सहायक नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। दार्जिलिंग की पहाड़ियों, तराई और डुआर्स क्षेत्रों के लोगों से भी बाढ़ की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है।





