नई दिल्ली, एजेंसी। छात्रों के खिलाफ हिंसा और राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर आक्रामक रणनीति अपना रही कांग्रेस ने अब पेट्रोल में 20 फीसद एथनॉल मिलावट से गाड़ियों को हो रहे कथित नुकसान को बड़ा मुद्दा बनाने का आधार तैयार करती दिख रही है।पार्टी ने एथेनॉल के चलते चीनी की कीमतों में उछाल के दावों के मद्देनजर ई-20 नीति की तत्काल समीक्षा की मांग की करते हुए जनता को बिना एथेनॉल वाले पेट्रोल का विकल्प दिए जाने की पैरोकारी की है।कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पार्टी की ओर से यह मांग उठाते हुए कहा कि गाड़ी भी महंगी पड़े और रसोई भी ऐसी जनविरोधी ईंधन नीति देश को स्वीकार्य नहीं हो सकती।एथेनॉल की वजह से चीनी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की रिपोर्टों का हवाला देते हुए जयराम रमेश ने शुक्रवार को बयान जारी करते हुए कहा कि सरकार की अदूरदर्शी और जनविरोधी ई-20 नीति के कारण एक तरफ महंगाई बढ़ती जा रही है तो दूसरी तरफ वाहन मालिक कम माइलेज और वाहनों के खराब होने की दोहरी मार झेलने पर मजबूर हैं।





