नई दिल्ली, एजेंसी। यूपी स्थित गाजियाबाद के मसूरी थाना पुलिस के बाद अब कौशांबी पुलिस के हत्थे छह संदिग्ध लोग चढ़े हैं। सभी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के ठिकानों की लोकेशन और उनकी वीडियो व फोटो विदेश भेजने का काम कर रहे थे। इसके लिए उन्हें रुपये मिल रहे थे। मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में एक बार फिर हलचल मच गई है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह योजनाबद्ध तरीके से फोन पर चैट के जरिए विदेशी लोगों से संपर्क में थे। पकड़े गए आरोपियों में मुख्यारोपी बिजनौर के नरवदी नवाड़ा का रहने वाला सुहेल मलिक उर्फ रोमियो है।
संवेदनशील क्षेत्रों की वीडियो-फोटो भेजते थे बाहर
उसने पुलिस को बताया कि सभी लोग उसे संवेदनशील क्षेत्रों की वीडियो-फोटो और रेलवे स्टेशनों की वीडियो बनाकर लोकेशन के साथ भेजते थे। इसके बदले में वह उन्हें रुपये देता था। पुलिस को सुहेल के मोबाइल से सुरक्षा बल और रेलवे स्टेशन की वीडियो लोकेशन व विदेशी नंबरों की चैट भी मिली हैं। गिरफ्तार हुए सभी आरोपी मूलरूप से बिजनौर, संभल, शाहजहांपुर, बदायूं व अन्य जिलों के रहने वाले हैं। वर्तमान में सभी कौशांबी क्षेत्र में ही किराये के मकान में रह रहे थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने आठ मोबाइल भी बरामद किए हैं।
एडीसीपी राजकरन नैय्यर ने बताया कि सभी को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जो भी साक्ष्य मिले हैं उनकी गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक किसी आतंकी संगठन से जुड़े होने की बात फिलहाल सामने नहीं आई है।





