अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ अपनी रिलीज के बाद से ही लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। सिर्फ चार दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली ‘सैयारा’ अब बॉक्स ऑफिस पर 11 दिन पूरे कर चुकी है। जानते हैं 11वें दिन अपने दूसरे सोमवार को कैसा रहा फिल्म का कलेक्शन।
मोहित सूरी की म्यूजिकल लव स्टोरी ‘सैयारा’ ने अपने दूसरे वीकेंड भी शानदार शुरुआत की। फिल्म ने दूसरे शनिवार और रविवार को अच्छा कलेक्शन किया। अब ‘सैयारा’ के दूसरे सोमवार का भी कलेक्शन सामने आ गया है। अपने 11वें दिन ‘सैयारा’ की कमाई पहली बार दोहरे अंकों से नीचे आई है। खबर लिखे जाने तक 11वें दिन दूसरे सोमवार को ‘सैयारा’ ने 6.68 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन अब 253.93 करोड़ रुपए हो गया है।
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 253.93 करोड़ की कमाई करने वाली ‘सैयारा’ ने वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी शानदार प्रदर्शन किया है। आलम ये है कि ‘सैयारा’ 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में दूसरे नंबर पर पहुंच चुकी है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन में ‘सैयारा’ अब तक 372.71 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। इस लिस्ट में अब ‘सैयारा’ से आगे सिर्फ विक्की कौशल की ‘छावा’ ही है, जिसने वर्ल्डवाइड 797.34 करोड़ रुपए की कमाई की है।





