देहरादून। उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने करवट बदल ली है। चोटियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में वर्षा के दौर शुरू हो गए हैं। हालांकि, इसके बावजूद मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप है और कहीं-कहीं पारा रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है।ऊधमसिंह नगर में वर्ष 2009 के बाद पहली बार अप्रैल में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा-बर्फबारी संभव है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और अंधड़ की भी चेतावनी है। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप और पारे में वृद्धि के आसार हैं।शनिवार को मैदानी क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान साफ रहा और दिनभर चटख धूप खिली रही। जिससे दोपहर में भीषण गर्मी महसूस की गई।दूसरी ओर पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार रात को ही बादल मंडराने लगे और तड़के कई इलाकों में वर्षा दर्ज की गई। चिन्यालीसौड़ में सर्वाधिक 35 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।





