रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है।पुलिस के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहे सुरक्षाकर्मी उस समय भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे, जब कुछ श्रद्धालु निर्धारित प्रवेश मार्ग के बजाय निकासी गेट से मंदिर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।सुरक्षा के मद्देनजर भीड़ को पीछे हटायापुलिस ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं को कई बार समझाया गया, लेकिन भीड़ में शामिल कुछ लोग निकासी गेट से आगे बढ़ने पर अड़े रहे।इससे बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं का मार्ग बाधित होने लगा और निकासी गेट के दोनों ओर भीड़ बढ़ने की आशंका पैदा हो गई। ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की भगदड़ या अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा के मद्देनजर भीड़ को पीछे हटाया।हालांकि, घटना के दौरान बनी परिस्थितियों और पुलिस कर्मियों की कार्यशैली की निष्पक्ष जांच के लिए मामला पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी को सौंप दिया गया है। साथ ही संबंधित पुलिस कर्मी को तत्काल प्रभाव से उक्त ड्यूटी प्वाइंट से हटा दिया गया है।





