हैदराबाद। शहर में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में हैदराबाद फूड एडल्टरेशन सर्विलांस टीम ने अपने संचालन के शुरुआती 100 दिनों के भीतर ही 185 मामले दर्ज किए हैं। इसके साथ ही टीम ने लगभग 122 टन असुरक्षित और मिलावटी खाद्य सामग्री को भी जब्त किया है।यह विशेष इकाई 19 मार्च को हैदराबाद सिटी पुलिस के तहत शुरू की गई थी। ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन, खाद्य सुरक्षा और पशु चिकित्सा विभागों के साथ मिलकर यह इकाई पूरे शहर में लगातार छापेमारी कर रही है।इस अभियान के दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 55 मामले राजेंद्रनगर में सामने आए हैं। इसके बाद गोलकुंडा में 44, सिकंदराबाद में 35 और चारमीनार में 21 मामले दर्ज किए गए हैं। इसी तरह शमशाबाद में 13, जुबली हिल्स में 12 और खैरादाबाद में 5 मामले सामने आए हैं।छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में स्वास्थ्य के लिए खतरनाक सामग्रियां जब्त की गई हैं, जिनमें 27 टन मिलावटी अदरक-लहसुन का पेस्ट और 25 टन से अधिक केमिकल से पकाए गए फल शामिल हैं। इसके अलावा 30 टन से अधिक फेंके जाने योग्य चिकन का कचरा, 15 टन घटिया क्वालिटी का चिकन और मांस, तथा 9 टन से अधिक बासी अचार बरामद किया गया है।





