काठमांडू। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में प्रधानमंत्री शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारियों पर भी बातचीत हुई। शाह इसी महीने भारत का दौरा कर सकते हैं। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, विदेश सचिव मिसरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नेपाली प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। बैठक में दोनों देशों के बीच पहले से चल रही योजनाओं को आगे बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मिसरी ने शाह को बताया कि भारत उनकी प्रस्तावित यात्रा को सफल बनाने के लिए जरूरी तैयारियां कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सहयोग से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के तहत नियमित बैठकें हो रही हैं।





