दर्दनाक हादसा: दो भाईयों की कार ट्रक के पीछे घुसी, दोनों भाइयों की मौत

महोबा (यूपी). बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर कस्बा खन्ना के पास तेज रफ़्तार कार ट्रक में पीछे से घुस गई। दुर्घटना में  कार सवार दो भाइयों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना का कारण कार चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। बांदा जिले के अतर्रा कस्बा निवासी संतोष द्विवेदी अतर्रा के हिंदू इंटर कॉलेज में प्रवक्ता है।  उनके तीन पुत्रों में से बड़ा पुत्र आशुतोष द्विवेदी दिल्ली में रहकर सिविल सर्विस की तैयारी कर रहा था, जबकि छोटा  बेटा उत्कर्ष द्विवेदी दिल्ली में शासकीय इंटर कॉलेज में अध्यापक था। दोनों भाई जन्माष्टमी पर्व पर दिल्ली से घर आ रहे थे। कार आशुतोष द्विवेदी चला रहा था। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे में 86.4 पॉइंट पर कार ट्रक में पीछे से घुस गई। 

अनुमान लगाया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह झपकी आने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और कार चलते ट्रक में घुस गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि 32 वर्षीय आशुतोष व 28 वर्षीय उत्कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों भाई अविवाहित बताए जा रहे हैं। 

मझले भाई का नाम अक्षय बताया जा रहा है। जिसकी दो माह पूर्व शादी हुई थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी खन्ना वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि शवों का  पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। झपकी आने से हादसा हुआ है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *