नई दिल्ली, एजेंसी। पेपर लीक होने के चलते रद की गई नीट-यूजी कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच 21 जून को दोबारा होने जा रही है। इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे।इससे पहले शनिवार को एनटीए ने मॉक ड्रिल के जरिये देश के 551 शहरों के 5440 केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित होने जा रही परीक्षा की तैयारियों को परखा।परीक्षा अंग्रेजी, हिंदी सहित 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी। पूरे आयोजन में तीन लाख से अधिक कर्मचारियों-अधिकारियों को लगाया गया है।परीक्षा केंद्र पर क्या-क्या ले जाना है?एनटीए ने छात्रों को प्रवेश पत्र, एक पहचान पत्र और दो फोटो के साथ निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के लिए कहा है। गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी, बिजली, पंखे व अभिभावकों के बाहर बैठने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।एनटीए ने दोबारा होने वाली इस परीक्षा को लेकर काफी सावधानियां बरती हैं। प्रश्नपत्र तैयार करने वाली विशेषज्ञ टीम को परीक्षा होने तक क्वारंटाइन में रखा गया है।प्रश्नपत्रों को एनटीए के 18 रीजनल सेंटरों तक भारतीय वायु सेना के विमानों और डाक विभाग की मदद से पहुंचाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती दी गई है।जिलों के डीएम व एसपी को परीक्षा केंद्रों पर विशेष रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी तरह के दुष्प्रचार व गड़बड़ियों से निपटने के लिए साइबर कमांडो भी तैनात किए जा रहे हैं।मॉक ड्रिल के जरिए तैयारियों का परीक्षणएनटीए ने मॉक ड्रिल में तैयारियों के पुख्ता होने का दावा करते हुए कहा कि यह परीक्षा 95 हजार से अधिक कक्षों में होगी। हर कक्ष में कम से कम एक सीसीटीवी लगा होगा। कुल 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी फीडिंग को राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर वर्चुअली मॉनिटर किया जाएगा।





