नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित पीएम के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के मौके पर बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी बधाई दी।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना मित्र बताया और उन्हें एक “महान” प्रधानमंत्री कहा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई – और वे एक महान प्रधानमंत्री हैं।वहीं आज पूरी कैबिनेट ने खड़े होकर ताली बजाते हुए पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया, शाम को भारत मंडपम में राजग के घटक दलों और मुख्यमंत्रियों ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को परिवर्तनकारी बताया।सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं ने इसे केवल सरकार के 12 वर्षों का पड़ाव नहीं, बल्कि देश की राजनीतिक एवं विकास यात्रा के एक महत्वपूर्ण चरण के रूप में पेश किया।सबने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारतीय राजनीति ने स्थिरता, निर्णायकता और प्रदर्शन आधारित शासन की नई संस्कृति विकसित की है। यही नहीं, भाजपा नेताओं द्वारा देशभर में पूजा-अर्चना का भी आयोजन किया गया।पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रार्थनाएं और सार्वजनिक आयोजन हुए तो उनके गृह राज्य गुजरात में मंदिरों में महाआरती का आयोजन किया गया।प्रेट्र के अनुसार, बुधवार को मोदी ने 1952 के आम चुनावों के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पार किया। नेहरू का कार्यकाल 1947 से 1952 तक अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में था, क्योंकि 1952 तक चुनाव नहीं हुए थे।





