जम्मू-कश्मीर में फिर तबाही : कठुआ में बादल फटा, चार लोगों की मौत और छह घायल

जम्मू. जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के एक सुदूर गांव में बादल फटा है। बादल फटने से चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, कठुआ के सोफेन में गुज्जरों की बस्ती पर पहाड़ गिर गया। इसमें चार घर दब गए। 80 फीसदी रोड बह गया है। रात करीब 2 से 3 बजे की यह घटना है। कठुआ में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो रही है। 

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात राजबाग के जोड़घाटी गांव में बादल फटने से गांव तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की एक संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थानीय स्वयंसेवकों के साथ मिलकर काम शुरू कर दिया।

अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि छह अन्य को घायल अवस्था में बचाया गया है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि कठुआ थाना क्षेत्र के बागड़ और चांगडा गांवों और लखनपुर थाना इलाके के दिलवान-हुतली में भी भूस्खलन हुआ, लेकिन किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण अधिकांश जलाशयों का जलस्तर तेज़ी से बढ़ गया है और उझ नदी ख़तरे के निशान के पास बह रही है। ज़िला प्रशासन स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए है और लोगों से उनकी सुरक्षा के लिए जलाशयों से दूर रहने का अनुरोध किया है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *