धमाके के साथ कार के उड़े परखच्चे, हल्द्वानी के चार लोगों ने तोड़ा दम

मुरादाबाद :  मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली- लखनऊ हाईवे पर मनकरा मोड़ पर सोमवार की सुबह 6.15 बजे ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से कार घुस गई। इस हादसे में नैनीताल बैंक के दिल्ली रीजन के रीजनल मैनेजर (आरएम) दयाल सिंह रावत (59), निजी कंपनी के इंजीनियर भुवन भंडारी (35), सीनियर एकाउंटेंट सुंदर सिंह (42) और अनिल नेगी की मौत हो गई जबकि कार चालक योगा टीचर यशदीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह सभी लोग हल्द्वानी के रहने वाले थे और नोएडा में नौकरी करते थे। जान गंवाने वाले चारों लोगों ने ब्ला ब्ला एप से यशदीप की कार में सीट बुक कर नोएडा ड्यूटी जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर भाग गया। पुलिस ने यशदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि हल्द्वानी में आरटीओ ऑफिस के रहने वाले यशदीप पांडे(30) नोएडा में निजी स्कूल में योगा टीचर हैं। सुबह यशदीप ड्यूटी जा रहे थे।

उन्होंने ब्ला ब्ला एप पर अपनी कार टियागो की डिटेल शेयर कर दी थी। एप से हल्द्वानी के अमरावती कॉलोनी निवासी दयाल सिंह रावत, हल्द्वानी के कुसुमखेड़ा निवासी भुवन भंडारी, हल्द्वानी के आरटीओ ऑफिस के पास रहने वाले सुंदर सिंह और अनिल नेगी ने सीट बुक कर दी थीं। सोमवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे यशदीप चारों लोगों को अपनी कार में बैठाने के बाद नोएडा के लिए रवाना हुए थे।हादसे की जानकारी मिलने पर जान गंवाने वाले लोगों के परिजन आ गए। परिवार के लोगों ने बताया कि दयाल सिंह रावत नैनीताल बैंक में रीजन मैनेजर के पद पर तैनात थे। उनकी ड्यूटी नोएडा में चल रही थी। भुवन भंडारी नोएडा में निजी कंपनी में इंजीनियर और सुंदर सिंह निजी कंपनी में सीनियर एकाउंटेंट थे। एसपी सिटी कुमार रण विजयसिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *