उत्तरकाशी : खरसाली गांव के सामाजिक कार्यकर्ता प्रताप सिंह तोमर ने बताया कि शुक्रवार मध्यरात्रि के दौरान क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से पशुपालक गुलाम की तीन भैंसें और एक गाय मौके पर ही मृत हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालक को जल्द आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुए इस नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए।





