50 हजार की स्कूटी पर 10 लाख का जुर्माना, 96 चालान पेंडिंग, उड़े होश

गुरुग्राम ,एजेंसी। हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम से ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ट्रैफिक पुलिस ने नियमित चेकिंग के दौरान एक ऐसे स्कूटी सवार को पकड़ा है, जिसका रिकॉर्ड देखकर खुद पुलिसकर्मियों का भी सिर चकरा गया। करीब 50 हजार रुपये की कीमत वाली इस पुरानी स्कूटी पर एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 10 लाख रुपये के 96 चालान लंबित मिले। पुलिस ने इस बड़ी लापरवाही पर सख्त एक्शन लेते हुए स्कूटी को तुरंत जब्त कर लिया है।
रॉन्ग साइड और बिना हेलमेट ड्राइविंग पड़ी भारी
जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम के राजीव चौक पर जोनल अधिकारी एएसआई विजय सिंह अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक युवक पर पड़ी, जो बिना हेलमेट लगाए राजीव चौक से मेदांता अस्पताल की तरफ रॉन्ग साइड से स्कूटी चलाकर जा रहा था। पुलिस ने प्रशांत नाम के इस युवक को रोककर जब उससे स्कूटी के कागजात मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने जब स्कूटी के नंबर से उसकी डिटेल सिस्टम में चेक की, तो हैरान करने वाला सच सामने आ गया।
2 साल के अंदर कट गए 96 चालान
पुलिस की जांच में पता चला कि इस स्कूटी पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 की अलग-अलग धाराओं के तहत कुल 96 चालान पेंडिंग हैं। इनमें से 95 चालान स्मार्ट ट्रैफिक कैमरों द्वारा किए गए थे, जबकि एक चालान मशीन से काटा गया था। इन सभी चालानों को मिलाकर स्कूटी पर कुल 10 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना बकाया था। पुलिस के अनुसार, इनमें से ज्यादातर चालान बिना हेलमेट ड्राइविंग, रॉन्ग साइड चलने, बिना पॉल्यूशन और बिना इंश्योरेंस के कटे थे। चौंकाने वाली बात यह है कि ये सभी चालान लगातार साल 2025 और 2026 के दौरान ही हुए थे।
बहन के नाम पर रजिस्टर्ड निकली स्कूटी
पूछताछ में प्रशांत ने बताया कि वह मेदांता अस्पताल के पास ही एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है। जिस 2017 मॉडल की स्कूटी से वह बेखौफ नियम तोड़ रहा था, वह असल में उसकी बहन के नाम पर रजिस्टर्ड है। इतनी बड़ी संख्या में पेंडिंग चालान और लगातार नियमों के उल्लंघन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने नियमानुसार स्कूटी को इंपाउंड (जब्त) कर लिया है। इसके साथ ही, ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता को भी यह स्पष्ट सलाह दी है कि वे नियमों का कड़ाई से पालन करें और अपने लंबित चालानों का समय रहते भुगतान करें।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *