नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली पुलिस ने नोएडा के सेक्टर-दो में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फर्जी काल सेंटर चलाने वाले साइबर फ्राड सिंडिकेट के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस महिला समेत दो अन्य की तलाश कर रही है।आरोपित इंटरनेट मीडिया पर विज्ञापन के माध्यम से लोगों को बिजनेस फ़्रैंचाइजी और डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का आफर देता था और फिर जाल में फांस कर ठगता था। गिरोह ने इंटरनेट मीडिया पर जन सहायता केंद्र फ्रेंचाइजी देने का लुभावना विज्ञापन पोस्ट कर पीड़ित को अपने झांसे में लिया और 21 हजार रुपये की चपत लगाई।बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि अफजल खान नामक शिकायतकर्ता ने धोखाधड़ी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। धोखेबाजों ने अफजल खान को जन सहायता केंद्र के लिए एक फ्रेंचाइजी और डिस्ट्रीब्यूटर आईडी देने का वादा किया। इसकी एवज में पैसे मांगे, पैसे मिलने के बाद वे गायब हो गए।





