देहरादून : सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसियों और पुलिस की तीखी नोकझोंक हो गई।प्रदेश सरकार के सेवा पखवाड़ा के तहत उत्तरकाशी जिला मुख्यालय कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मंत्री को ज्ञापन देने आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई।रोकने पर नाराज कांग्रेसियों ने वहीं पट्टियों के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भटवाड़ी क्षेत्र के लोग पिछले दस दिनों से केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और गंगोत्री हाईवे के चौड़ीकरण की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।कांग्रेसियों का आरोप है कि सेवा और सुशासन के दावे के बावजूद अधिकारी जनता की समस्याएं सुनने के बजाय मुख्यालय में ही डटे हुए हैं, जबकि जनता की मांगों की अनदेखी की जा रही है।





