हरिद्वार : दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। जिससे हरकी पैड़ी, अपर रोड, चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार और हाईवे के कई हिस्सों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।वीकेंड और अधिक मास की पूर्णिमा के गंगा स्नान पर धर्मनगरी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण हाईवे से लेकर शहर के अंदरूनी मार्गों तक लंबा जाम लग गया। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए दिनभर पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को मशक्कत करनी पड़ी।रविवार सुबह से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। दोपहर तक हरकी पैड़ी, अपर रोड, चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार और हाईवे के कई हिस्सों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। पंतद्वीप, दीनदयाल उपाध्याय और खड्ढा पार्किंग सहित शहर की प्रमुख पार्किंग स्थल वाहनों से पूरी तरह भर गए। भीड़ का असर मां मनसा देवी मंदिर में भी दिखाई दिया।दर्शनार्थियों की अधिक संख्या के चलते सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस को कुछ समय के लिए पैदल मार्ग बंद कर श्रद्धालुओं को नियंत्रित तरीके से आगे भेजना पड़ा। एसपी यातायात निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, सीओ यातायात बिपेंद्र कुमार और इंस्पेक्टर हितेश कुमार पुलिस बल के साथ यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि वीकेंड और पूर्णिमा स्नान के कारण वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनी।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर वीकेंड पर जाम लगने के बाद खुद मौके पर पहुंचे और व्यवस्था संभाली। उन्होंने हाईवे और हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों का जायजा लिया। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने यातायात पुलिस को निर्देश देते हुए कहा कि क्रेन को तैयार रखते हुए हाईवे पर किसी भी वाहन के खराब होने पर तुरंत हटाते हुए व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए।वीकेंड पर भीड़ बढ़ने के साथ ही कई वाहन चालकों की मनमानी ने व्यवस्था बिगाड़ दी। कई लोग वाहनों को पार्किंग में खड़ा करने के बजाय क्षेत्रों तक ले जाने का प्रयास करते रहे। इससे संकरे मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कई जगह गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण भी जाम लगा। व्यवस्था बनाने में पुलिस के पसीने छूट गए।





