देहरादून। कोतवाली से मात्र 200 मीटर और डोईवाला चौक स्थित पुलिस पिकेट से 20–30 मीटर की दूरी पर शुक्रवार शाम एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े सेंधमारी की घटना सामने आई। अज्ञात आरोपितों ने कंचन ज्वेलर्स से 6 सोने की चेन लेकर फरार हो गए।घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे की है। ऋषिकेश रोड स्थित व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं, जो बाहरी गिरोह होने की आशंका जताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक, आरोपित दुकान में ज्वेलरी देखने के बहाने पहुंचे और बातचीत में दुकानदार को उलझाकर ट्रे में रखी सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। ट्रे में कुल 6 सोने की चेन थीं, जिनकी कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ज्वेलर्स ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुके थे।कंचन ज्वेलर्स के मालिक सुरेंद्र सिंह कक्कड़ ने पुलिस को दी तहरीर में जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।





