देहरादून। राज्य में अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूती देते हुए राजनीतिक दलों ने बूथ स्तर पर अपने प्रतिनिधि नियुक्त करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप राज्य में बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की नियुक्ति का अभियान तेजी से आगे बढ़ा है।प्रदेश के प्रमुख राजनीति दलों यानी भाजपा ने 89.93 प्रतिशत और कांग्रेस ने 84.11 प्रतिशत बूथों पर बीएलए की नियुक्ति कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम के लगातार अनुरोध के बाद राजनीतिक दलों ने प्रदेश में अब तक 20,863 से अधिक बीएलए नियुक्त कर दिए हैं। यद्यपि, राष्ट्रीय दलों में शामिल आम आदमी पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने एक भी बीएलए नियुक्त नहीं किया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण में बीएलए की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देश पर सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दलों के साथ बैठक कर इस दिशा में तेजी लाने का आग्रह किया गया था, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से जल्द से जल्द शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्त करने की अपील की है।भाजपा ने पांच जिलों यानी रुद्रप्रयाग, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर व चंपावत में शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्ति किए हैं। वहीं कांग्रेस ने चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व चंपावत में शत-प्रतिशत बीएल नियुक्त किए हैं।





