नई दिल्ली, एजेंसी। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को प्यार की थपकी बताया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम अब भी लागू है।दरअसल, यह तनाव होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी और ईरानी सैन्य गतिविधियों के बाद बढ़ा। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना के तीन विध्वंसक युद्धपोत होर्मजु से फलतापूर्वक गुजर रहे थे, तभी उन पर ईरान की ओर से हमला किया गया। उनके मुताबिक, ईरानी बलों ने मिसाइल, ड्रोन और छोटी नौकाओं के जरिए अमेरिकी जहाजों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन अमेरिकी सेना ने सभी हमलों को रोक दिया।ट्रंप ने आगे दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में ईरानी नौकाओं को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना ने मिसाइलों और ड्रोन को बीच रास्ते में ही इंटरसेप्ट कर लिया था, जिससे अमेरिकी युद्धपोतों को कोई नुकसान नहीं हुआ।ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत अच्छी चल रही है, लेकिन समझौते की जरूरत अमेरिका से ज्यादा ईरान को है। ट्रंप ने कहा कि बातचीत अच्छी चल रही है… वे इस समझौते पर मुझसे ज्यादा हस्ताक्षर करना चाहते हैं। उन्होंने संकेत दिए कि अमेरिका फिलहाल दबाव की स्थिति में नहीं है, जबकि ईरान तेजी से किसी समझौते तक पहुंचना चाहता है।इसी दौरान ट्रंप ने हालिया सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान को कुछ ही मिनटों में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि उन्हें दो मिनट में तबाह कर दिया गया।
उनके टैंकर उड़ा दिए गए। हर मिसाइल और ड्रोन को मार गिराया गया और जो लोग हमला कर रहे थे, वे अब जिंदा नहीं हैं।ट्रंप यहीं नहीं रुके। उन्होंने ईरान को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अगर युद्धविराम नहीं होता, तो दुनिया ईरान से उठती एक बड़ी चमक देखेगी। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने आज हमारे साथ खिलवाड़ किया और हमने उन्हें खत्म कर दिया। अगर युद्धविराम नहीं होगा, तो आपको कुछ जानने की जरूरत नहीं पड़ेगी, आप बस ईरान से उठती एक बड़ी चमक देखेंगे। उन्हें जल्दी से जल्दी उस समझौते पर हस्ताक्षर कर देने चाहिए।





