राजस्थान के यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, मची चीख पुकार

देहरादून : हरिद्वार सप्तऋषि क्षेत्र उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। हादसे में एक महिला की जान चली गई।हरिद्वार सप्तऋषि क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित ढाबे में जा घुसा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस को पलटता देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक ढाबे में घुस गया। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 50 वर्षीय पुष्पकवर पत्नी भंवर सिंह निवासी नागौर, राजस्थान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को निगरानी में रखा गया है। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से बस दुर्घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें 26 लोग घायल हुए हैं। हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है। उधर, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की कार्रवाई की गई ताकि यातायात सामान्य हो सके। प्रारंभिक जांच में बस को बैक करते समय संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *