बैंकॉक। थाईलैंड में छुट्टी मनाने गए तीन भारतीय युवकों के लिए यह यात्रा एक बुरे सपने में तब्दील हो गई। पटाया में भारतीय और पाकिस्तानी नागरिकों के एक गिरोह ने उन्हें एक सप्ताह से अधिक समय तक बंधक बनाकर रखा, जिसके बाद उन्हें छुड़ाया गया।इन लोगों को सस्ते टूर पैकेज का लालच देकर थाईलैंड बुलाया गया था। तीनों भारतीयों को पुलिस ने पटाया के बैंग लामंग जिले में एक दो मंजिला घर से बचाया गया।उन्हें छोड़ने के लिए करीब 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी।बचाए गए भारतीयों की पहचान मोहित, आशीष और हिमांशु के रूप में हुई है। इनकी उम्र 20 से 23 वर्ष के बीच है। गिरोह ने इन लोगों को बार-बार प्रताड़ित किया और उनके परिवारों से फिरौती मांगने के लिए मजबूर किया।
मंगलवार को पांच अपहरणकर्ताओं को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे थाईलैंड से फरार होने वाले थे। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों की पहचान भारतीय नागरिकों के रूप में हुई है, जबकि इस अपराध में शामिल पाकिस्तानी संदिग्धों को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है।गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अवतार सिंह, जगजीत सिंह, रामबालक कुमार, सुखबीर सिंह और कुलरा सिंह के रूप में हुई है। उन्हें बैंकाक के खलोंग तान इलाके से पकड़ा गया।अपहरणकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक पाकिस्तानी नागरिक ने तीनों भारतीय पुरुषों का अपहरण करने का निर्देश दिया था। उस पाकिस्तानी नागरिक को वे पिछले एक महीने से चैट एप के माध्यम से जानते थे।साजिश के मास्टरमाइंड का दुबई में रहने का अनुमान है और उसने क्रिप्टोकरेंसी में फिरौती की रकम प्राप्त करने की योजना बनाई थी।





