भारी बारिश की चेतावनी, यात्रा मार्गों पर जगह-जगह भूस्खलन

देहरादून : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी मार्गों पर बढ़ते भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है। मौसम में सुधार होने के बाद 30 जुलाई से यात्रा को दोबारा शुरू करने की तैयारी की जाएगी।प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी और यात्रा मार्गों पर भूस्खलन को देखते हुए चारधाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा दो दिन के लिए स्थगित की गई है। मौसम सामान्य होने पर 30 जुलाई से फिर यात्रा संचालित होगी। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट व भूस्खलन की घटनाओं पर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चारधाम यात्रा मंगलवार व बुधवार के लिए स्थगित की है। हालांकि सुबह 10 बजे सोनप्रयाग से करीब 1600 यात्री केदारनाथ धाम के लिए रवाना किए गए। मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप के दिशानिर्देश के बाद यात्रा रोक दी गई। साथ ही बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री व हेमकुंड साहिब की यात्रा दो दिन के लिए स्थगित की गई। जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के समीप नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 25 से 30 मीटर हिस्सा दो से ढाई मीटर तक धंस गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इस हिस्से से यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई है। पालीगाड़, सिलाई बैण्ड, झझर गाड़, जंगलचट्टी, दुर्बिल और बढ़िया क्षेत्र में मलबा व पत्थर गिरने से यातायात बाधित रहा।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *