पलभर में खत्म चुफाल परिवार घायल भूपेंद्र ने मदद की गुहार लगाई

नैनीताल : भवाली के ढैला गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर सड़क हादसे में कार गहरी खाई में गिर गई जिसमें चुफाल परिवार की जान चली गई।नैनीताल जिले के भवाली के ढैलागांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर एक कार के गहरी खाई में गिरने से चुफाल परिवार खत्म हो गया। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र ने खाई से आवाज लगाकर मदद की गुहार भी लगाई लेकिन खाई में घने पेड़ों के बीच उनकी आवाज गुम हो गई और वे जिंदगी से जंग हार गए।ढैलागांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे खाई से एक भयंकर और डरावनी आवाज आई। इस आवाज से आसपास के लोग सहमे तो थोड़ी ही देर में सड़क पर फूड वैन लगाने वाले युवक ने बताया कि कोई कार खाई में गिर गई है। इस पर स्थानीय वाहन चालक नितिन, पारस, पंकज कुमार, अमन, सोहित, कमल, विरेंद्र दनाई, सुनील कुमार, पवन सनवाल, हिमांशु बिष्ट, रवि कुमार मौके पर पहुंचे। वह सड़क से नीचे उतरे तो उन्हें कुछ नजर नहीं आया। मगर यह बात पक्की थी कोई वाहन नीचे गिरा है, लिहाजा सभी लोग थोड़ा और नीचे उतरे। काफी खोजबीन के बाद भी उन्हें वाहन तो नहीं दिखा मगर एक जगह पेड़ पर गहरे निशान दिख गए जिससे यह तय हो गया वाहन नीचे खाई में समा गया है। हिम्मत कर सभी लोग खाई में पहुंचे तो मंजर भयावह था। लाल रंग की कार के वहां परखचे उड़े हुए थे। घटना के चश्मदीद नितिन और पारस के मुताबिक कार मालिक भूपेंद्र सिंह चुफाल कार से थोड़ा ऊपर की ओर पहुंचे हुए थे। ऐसे में माना जा रहा है कि दुर्घटना के बाद उन्होंने लोगों को खबर देने की कोशिश की और आवाज लगाई। मगर खाई की दुश्वारियों के चलते उनकी आवाज ऊपर नहीं पहुंच सकी और मौत से जंग में आखिरकार भूपेंद्र हार गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक की सांसें तब चल रहीं थीं, मगर समय से अस्पताल नहीं पहुंच पाने के चलते उसकी मौत हो गई।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *