देहरादून: उत्तराखंड में एक के बाद एक बादल फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। देहरादून आपदा के बाद अब चमोली के नंदानगर में बादल फटने की सूचना आ रही है। देर रात धुर्मा गांव में भारी बारिश (बादल फटने) से करीब 5 मकान छतिग्रस्त होने की बात कही जा रही है। वहीं अचानक पानी आने से 6 लोग लापता हो गए, जिनमें से दो लोगों को बचा लिया गया है।
सूचना के मुताबिक फिलहाल जनहानि नहीं हुई है, लेकिन मोक्ष नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। बादल फटने की ये घटना नगर पंचायत नंदानगर के वार्ड कुन्तरि लगाफाली की बताई जा रही है। यहां देर रात का एक वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में एक घर के सामने से काफी तेज रफ्तार में पानी बहता नजर आ रहा है। ताजा अपडेट के मुताबिक सुबह तड़के एसडीआरएफ की टीम नंदप्रयाग पंहुच गई है।
वहीं एनडीआरएफ भी नंदप्रयाग के लिए गोचर से नंदप्रयाग के लिए रवाना हो गई। सीएमओ ने बताया कि मेडिकल टीम, तीन 108 एंबुलेंस मौके पर रवाना कर दी गई है। देर रात अचानक आई आपदा से हर कोई स्तब्ध रह गया। वहीं गुरुवार सुबह की कुछ तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। इसमें नदी किनारे बना एक घर पूरी तरह से बर्बाद हो गया। वहीं पास में काफी मलबा पहाड़ों से बहकर जमा हो गया है। कुछ स्थानीय लोगों ऊंचे पहाड़ों से मलबा गिरने का दृश्य देखकर काफी परेशान और दुखी नजर आए।
बता दें कि अभी तक हालात का सही तरीके से आकलन नहीं हो पाया है। शासन-प्रशासन देर रात आई आपदा का ठीक से पता लगाने का प्रयास कर रहा है। वहीं बचाव अभियान के लिए प्रयास देर रात से ही शुरू कर दिए गए हैं। नुकसान को लेकर अभी तक कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।





