सिलक्यारा सुरंग में फिर हुआ भूस्खलन मलबा गिरने का वीडियो वायरल

देहरादून : निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में बड़कोट की ओर से करीब डेढ़ किमी हिस्से में भूस्खलन होने के कारण मलबा गिर गया। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना और अनहोनी नहीं हुई।धरासू-फूलचट्टी-यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में बीते शुक्रवार को भूस्खलन हुआ। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। साथ ही सुरंग निर्माण में सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। दूसरी ओर सुरंग का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने इसे एक सामान्य घटना बताया। कहा कि करीब एक किमी क्षेत्र में कच्चा हिस्सा होने के कारण वहां पर कार्य के दौरान कई बार मलबा गिरता रहता है।

जानकारी के अनुसार बीते सप्ताह के शुक्रवार को निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में बड़कोट की ओर से करीब डेढ़ किमी हिस्से में भूस्खलन होने के कारण मलबा गिर गया। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना और अनहोनी नहीं हुई लेकिन सुरंग में लगातार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है।गत जुलाई में वहां पर एक सीमेंट का टुकड़ा टूटने के कारण उसकी चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई थी। उस दौरान भी मजदूरों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करते हुए हंगामा किया था।हालांकि सुरंग की कार्यदायी संस्था से जुड़े अधिकारियों ने इसे एक सामान्य घटना बताया है। संस्था के जीएम रविकांत ने बताया कि सुरंग के भीतर करीब एक किमी हिस्सा पहाड़ी का बहुत अधिक लूज है। वहां पर उसकी रिप्रोइलिंग का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान कई बार कच्चा हिस्सा टूटकर नीचे गिर जाता है। बीते शुक्रवार को भी इसी प्रकार वहां पर मलबा गिरा है। सुरंग का सुरक्षा ऑडिट करवाया गया है।चारधाम सड़क परियोजना में यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन 4.5 किमी लंबी सिलक्यारा पोलगांव सुरंग में दीपावली के दिन 12 नवंबर 2023 को तड़के 4-5 बजे भूस्खलन हुआ था। उस वक्त श्रमिक रात की शिफ्ट खत्म कर दिवाली के दिन बाहर  आने वाले थे। लेकिन भूस्खलन के कारण सुरंग का मुंह बंद हो गया और 41 श्रमिक अंदर फंस गए थे।  श्रमिक 17 दिनों तक अंदर फंसे रहे थे। जिन्हें लंबे बचाव अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *