पेशावर। पाकिस्तान में शनिवार को आत्मघाती हमलावर ने पुलिस चेकपोस्ट को निशाना बनाया, जिसमें दो महिलाओं और दो बच्चों समेत 12 लोगों की मौत हो गई। हमले में 18 अन्य घायल हो गए। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने शनिवार के हमले की जिम्मेदारी ली।यह घटना खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों की सीमा के पास डेरा इस्माइल खान जिले की दराजिंदा तहसील में हुई। पुलिस अधिकारी खान मुबाशिर मलिक ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अमन मेला पुलिस चेकपोस्ट से टकरा दिया। हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए।मारे गए लोगों में सीमा शुल्क और उत्पाद विभाग के दो अधिकारी भी शामिल थे। घायलों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया। हमले में इस्तेमाल किए गए विस्फोटकों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।





