एलपीजी गैस बुकिंग में बदलाव: उपभोक्ता को एक अक्तूबर तक करना होगा ये काम

 नई दिल्ली, एजेंसी। घरेलू एलपीजी सिलिंडर लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए एक अक्तूबर 2026 से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सब्सिडी के साथ तय खुदरा कीमत पर घरेलू एलपीजी रिफिल बुक करने के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा। सरकार के मुताबिक, 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता पहले ही यह प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। यह कुल सक्रिय उपभोक्ताओं का 89.9 प्रतिशत है। जिन लोगों ने प्रमाणीकरण करा लिया है, उन्हें अब कोई अतिरिक्त कार्रवाई नहीं करनी होगी और उन्हें पहले की तरह एलपीजी रिफिल मिलता रहेगा। जिन घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं ने अभी तक बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण नहीं कराया है, उनके लिए एक अक्तूबर के बाद सब्सिडी वाली दर पर रिफिल बुक करने की सुविधा प्रमाणीकरण पूरा करने के बाद ही उपलब्ध होगी। हालांकि, ऐसे उपभोक्ताओं को एलपीजी से वंचित नहीं किया जाएगा। वे अपनी पसंद दर्ज कराकर बाजार कीमत पर एलपीजी ले सकेंगे। इसके लिए तेल कंपनियों के डिजिटल चैनल, उपभोक्ता पोर्टल, मोबाइल ऐप, व्हाट्सऐप चैटबॉट और आईवीआरएस जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकेगा। ऐसे उपभोक्ताओं को स्थानीय उपलब्धता के आधार पर 5 किलोग्राम या 10 किलोग्राम का सिलिंडर भी दिया जा सकता है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *