इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू से क्यों मचा बवाल

लंदन  : पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान इमरान खान के बेटों के स्काई स्पोर्ट्स इंटरव्यू को लेकर विवाद खड़ा हो गया। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि PCB ने इंटरव्यू प्रसारित होने पर टेस्ट और इंग्लैंड दौरा रोकने की चेतावनी दी थी। हालांकि पाकिस्तान के मुख्य कोच सरफराज अहमद ने कहा कि उन्हें और खिलाड़ियों को इस विवाद की कोई जानकारी नहीं थी और उनका पूरा ध्यान मैच पर था।पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट सिर्फ मैदान पर चल रहे मुकाबले के कारण चर्चा में नहीं है। टेस्ट के पहले दिन लंच ब्रेक के दौरान एक इंटरव्यू ने क्रिकेट से इतर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। स्काई स्पोर्ट्स पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथर्टन ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों कासिम और सुलेमान खान से बातचीत की। इस इंटरव्यू में दोनों ने अपने पिता की सेहत, जेल में उनके इलाज और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने ब्रिटेन सरकार की प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाए।इंटरव्यू प्रसारित होने से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से कथित तौर पर आपत्ति जताई गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी ने स्काई स्पोर्ट्स से इसे प्रसारित नहीं करने को कहा था।

यहां तक कि इंटरव्यू प्रसारित होने पर लॉर्ड्स टेस्ट रद्द करने और तीन मैचों की सीरीज से हटने की संभावना भी जताए जाने की बात सामने आई। हालांकि, अंततः स्काई स्पोर्ट्स ने इंटरव्यू प्रसारित किया और पाकिस्तान की टीम लंच के बाद मैदान पर वापस लौट आई।दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद पाकिस्तान के मुख्य कोच सरफराज अहमद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे। उनसे पीसीबी और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के बीच हुए कथित विवाद और खिलाड़ियों के मैदान पर नहीं उतरने की खबरों को लेकर सवाल किया गया। सरफराज ने इस पूरे मामले से अनजान होने की बात कही। उन्होंने कहा, ‘मुझे कुछ नहीं पता। मैं सिर्फ मैच पर ध्यान दे रहा हूं।जब उनसे पूछा गया कि क्या वह स्काई स्पोर्ट्स पर प्रसारित इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू की बात कर रहे हैं, तो सरफराज ने कहा, ‘आप इंटरव्यू की बात कर रहे हैं? हमें इंटरव्यू के बारे में कुछ नहीं पता।’

इसके बाद उनसे पूछा गया कि क्या पहले दिन लंच के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों के मैदान पर वापस नहीं लौटने की कोई संभावना थी। इस पर भी उन्होंने साफ इनकार किया। सरफराज ने कहा, ‘सब ठीक है। उस समय हम लंच कर रहे थे।इंटरव्यू से जुड़े विवाद पर सवालों के दौरान सरफराज काफी असहज नजर आए। जब उनसे पूछा गया कि क्या खिलाड़ियों को दूसरे सत्र में मैदान पर नहीं उतरने की संभावना के बारे में बताया गया था, तो उन्होंने सवाल पूरा होने से पहले ही इनकार करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, ‘नहीं, नहीं, नहीं, नहीं।इसके बाद उन्होंने दोहराया कि उन्हें इंटरव्यू के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इस पूरे घटनाक्रम ने यह सवाल जरूर खड़ा किया कि पीसीबी और ईसीबी के बीच यदि वास्तव में इतनी गंभीर बातचीत हुई थी तो क्या पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को इसकी जानकारी दी गई थी? सरफराज के जवाब के मुताबिक, टीम का ध्यान पूरी तरह टेस्ट मैच पर था।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *