हरिद्वार/देवप्रयाग। आज दो स्थानों पर कावडि़यों के बहने की खबरें आई। हरिद्वार में दोनों यात्री पंकज निवासी मुरादाबाद और आनंद कश्यप निवासी बुलंदशहर गंगा में डूब गए। सूचना मिलते ही दोनों की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, लेकिन अभी तक उनका कुछ पता नहीं लग सका है। वहीं, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर करीब दस शिवभक्तों को डूबने से बचाया।
उधर, देवप्रयाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोड़ेश्वर घाट पर जल भरने उतरा हरियाणा का एक कांवड़िया नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी के तटवर्ती इलाकों में तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन उसका पता नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के मीठापुर, फरीदाबाद का रहने वाला युवक अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ गंगाजल लेने के लिए देवप्रयाग पहुंचा था। टोड़ेश्वर घाट पर जल भरते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से युवक गंगा की मुख्य धारा में समा गया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। साथी के बहने से उसके दोस्तों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।





