कैलास यात्रा में मिलेगा नया अनुभव, गुंजी में इग्लू हट्स में ठहरेंगे यात्री

पिथौरागढ़। कैलास मानसरोवर और आदि कैलास यात्रा को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। आदि कैलास यात्रा एक मई से शुरू होने जा रही है, जबकि कैलास मानसरोवर यात्रा जून के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है।यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए इस बार रात्रि विश्राम व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में गुंजी में इग्लू आकार के हट्स तैयार किए जा रहे हैं, जहां यात्री उच्च हिमालयी क्षेत्र में रात बिताने का अनूठा अनुभव ले सकेंगे।

पर्यटन विभाग की ओर से तैयार की जा रही इन हट्स को बर्फ की बजाय फाइबर शीट से बनाया जा रहा है, ताकि अत्यधिक ठंड और प्रतिकूल मौसम में भी अंदर का तापमान सामान्य बना रहे। इस परियोजना पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

इसके साथ ही आदि कैलास यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों और गांवों में होम स्टे संचालकों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए होम स्टे में रंग-रोगन के साथ गर्म पानी, वेस्टर्न टायलेट और बेहतर आवासीय व्यवस्थाएं की जा रही हैं।होम स्टे संचालक टीएस गुंज्याल के अनुसार, पिछले वर्ष यात्रियों से मिले सुझावों के आधार पर इस बार सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है। वर्तमान में इस मार्ग पर 170 होम स्टे पंजीकृत हो चुके हैं। पिछले वर्ष 35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने आदि कैलास और ओम पर्वत के दर्शन किए थे। वहीं, कोरोना काल के बाद पुनः शुरू हुई कैलास मानसरोवर यात्रा के साथ इस वर्ष भारत-चीन स्थलीय व्यापार शुरू होने की भी संभावना है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *