अहमदाबाद : भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार यानी आठ मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें खिताब से सिर्फ एक कदम दूर हैं, लेकिन दोनों के सफर और ताकत में साफ फर्क दिखाई देता है। एक तरफ भारत की बल्लेबाजी टूर्नामेंट में शानदार लय में रही है, तो दूसरी ओर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने पूरे विश्व कप में दमदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में फाइनल मुकाबला बल्लेबाजी बनाम
दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम का सबसे मजबूत पक्ष उसकी गेंदबाजी रही है। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन की तेज गेंदबाजी ने विपक्षी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। कप्तान मिचेल सैंटनर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए रन गति पर लगाम लगाई है, जबकि रचिन रविंद्र ने स्पिन विभाग में विकेट निकालकर टीम को बड़ी सफलता दिलाई है। रचिन इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 11 विकेट ले चुके हैं।
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी में टॉप ऑर्डर ने शानदार प्रदर्शन किया है। टिम सीफर्ट ने सात मैचों में 161 के स्ट्राइक रेट से 274 रन बनाए हैं, जबकि फिन एलन 203 के स्ट्राइक रेट से 289 रन ठोक चुके हैं। एलन ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों में शतक लगाकर अपनी विस्फोटक क्षमता का नमूना भी पेश किया था। ग्लेन फिलिप्स ने भी नंबर चार पर अहम पारियां खेली हैं। हालांकि, कीवी टीम के मध्यक्रम ने खास प्रभावित नहीं किया है। मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल का बल्ला खामोश रहा है, जिससे टीम टॉप ऑर्डर पर काफी निर्भर नजर आती है।
फाइनल में मुकाबला काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि भारत की मजबूत बल्लेबाजी न्यूजीलैंड की अनुशासित गेंदबाजी के सामने कैसा प्रदर्शन करती है। अगर भारतीय बल्लेबाज शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में रन बनाने में सफल रहते हैं, तो टीम इंडिया मुकाबले पर पकड़ बना सकती है। वहीं अगर न्यूजीलैंड के गेंदबाज शुरुआती विकेट निकालने में कामयाब हो जाते हैं, तो मैच की दिशा बदल सकती है।
कुल मिलाकर फाइनल में भारत की बल्लेबाजी और न्यूजीलैंड की गेंदबाजी आमने-सामने होगी। दोनों टीमों के पास मैच जिताने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं, ऐसे में अहमदाबाद में होने वाला यह मुकाबला रोमांच से भरपूर होने की पूरी उम्मीद है। यदि भारत को लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतना है तो गेंदबाजों को भी बल्लेबाजों के प्रदर्शन के बराबर योगदान देना होगा, जबकि न्यूजीलैंड को अपने मध्यक्रम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।





