देहरादून। उत्तराखंड मौसम विभाग ने प्रदेश भर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को देखते हुए स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। लोगों से सुरक्षित स्थान पर रहने के साथ नदियों से दूर रहने को कहा गया है। उत्तराखंड में भारी बारिश को देखते हुए 9 जिलों के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। 1 सितंबर को प्रदेश के 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। ज्योतिर्मठ से नीति घाटी और नंदानगर तक जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में 66 केवी पिटकुल लाइन और 33 केवी बिरही गंगा हाइड्रो लाइन में खराबी आने से बिजली आपूर्ति ठप है। स्यानाचट्टी के कुपड़ागाड से आया भारी मलबा नदी के प्रवाह को रोक रहा है। सिंचाई विभाग की तीन मशीनें लगातार मलबा हटाने में जुटी हुई हैं। दिन भर मलबा हटाने के बाद बारिश के कारण अगले दिन फिर नदी में मलबा जमा हो जा रहा है। मौसम विभाग ने पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मॉनसून की बारिश आसमानी आफत बन गई है।
हरिद्वार जनपद में 1 सितम्बर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार पुलिस द्वारा सुरक्षा के मद्देनज़र विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशों के बाद एसपी सिटी पंकज गैरोला ने नगर क्षेत्र के क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों और एफएसओ के साथ अपने कार्यालय में बैठक की। समस्त अधिकारियों को भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई। टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी और देहरादून में रात 1:18 बजे तक अलग-अलग स्थानों यथा-कोटी, कालसी, चकराता, नैनबाग और इनके आसपास वाले क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश, तेज से बहुत तेज बारिश, बिजली के साथ गरज के साथ तूफान आने की बहुत संभावना है। रेड अलर्ट जारी हुआ है।
देहरादून में सोमवार को भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने देहरादून के कक्षा 1 से 12वीं के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की है। घनसाली में नदियों का जलस्तर बढ़ने पर पुलिस लोगों को सचेत कर रही है। घनसाली में बारिश और भिलंगना नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए आमजनमानस को अलर्ट किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सख्ती से निर्देश दिए हैं कि पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर पर रात्रि में नजर रखी जाए। साथ ही लोगों को सचेत किया जाए। खतरा महसूस होने पर तुरंत सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं। उधम सिंह नगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी होने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नानक सागर डैम का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। अधिशासी अभियंता से बांध की स्थिति, जल स्तर, बाढ़ आने पर नियंत्रण की तैयारियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी ली।
अगले 3 घंटों में अल्मोड़ा, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर जनपदों के कुछ स्थानों चकराता, कोटद्वार, हल्द्वानी, जसपुर, लोहाघाट, बाजपुर, सितारगंज, रुद्रपुर, खटीमा, लोहाघाट और इनके आस-पास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, बिजली के साथ तूफान, बहुत तीव्र से अत्यधिक तीव्र बारिश होने की संभावना है।
भारी बारिश के मद्देनजर प्रदेश के 9 जनपदों में सोमवार को स्कूल बंद रहेंगे। इनमें बागेश्वर, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, पिथौरागढ़, उधमसिंहनगर, अल्मोड़ा, चंपावत और पौड़ी जनपद में छुट्टी के आदेश जारी किए गए हैं। कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश रहेगा।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम धामी ने कहा कि आपदा प्रभावितों के साथ भावनाओं और संवेदनाओं से भी जुड़ें।





