असम और बंगाल को पीएम देंगे विकास की बड़ी सौगात

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम और पश्चिम बंगाल में कई बड़ी विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय असम दौरे के दूसरे दिन सिलचर पहुंचेंगे, जहां वे 23,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे पश्चिम बंगाल के कोलकाता पहुंचेंगे और वहां करीब 18,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री दोनों राज्यों में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:45 बजे असम के सिलचर पहुंचेंगे। यहां वे सड़क, रेलवे और शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाना, व्यापार को गति देना और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के बाद धानमंत्री सिलचर में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे और पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।

सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेसवे से क्या बदलेगा?
प्रधानमंत्री सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेसवे की आधारशिला रखेंगे, जिसकी लागत करीब 22,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह एक्सप्रेसवे लगभग 166 किलोमीटर लंबा होगा। इसके बनने से सिलचर और गुवाहाटी के बीच यात्रा समय मौजूदा करीब आठ घंटे से घटकर चार से साढ़े चार घंटे रह जाने की उम्मीद है। इससे व्यापार, पर्यटन और परिवहन को नई गति मिलने की संभावना है।प्रधानमंत्री सिलचर शहर में करीब 563 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर का शिलान्यास करेंगे। इससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। इसके अलावा पाथरकांडी में लगभग 122 करोड़ रुपये की लागत से तीन कृषि महाविद्यालयों की आधारशिला भी रखी जाएगी। इन कॉलेजों से क्षेत्र में कृषि शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *