बरेली। धनतेरस से शुरू हुए पंच दीपोत्सव के दौरान बरेली जिले में करीब 2065 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। बुधवार को भाई दूज के साथ दीपोत्सव पर्व का समापन हो गया। व्यापारियों के अनुमान के मुताबिक, पांच दिनों तक बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी और जमकर खरीदारी हुई। सोना महंगा होने के बावजूद सराफा बाजार में ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ। कम वजन के जेवरों की मांग अधिक रही। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में भी उछाल देखा गया। अनुमान के अनुसार, करीब 1000 कारों और 6500 से अधिक बाइकों की बिक्री हुई। ग्राहकों ने सुरक्षा सुविधाओं को प्राथमिकता दी, जिसमें अधिक एयरबैग वाली गाड़ियां पसंद की गईं। मिठाई, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, किराना और पटाखा कारोबार में भी अच्छी बिक्री दर्ज की गई।





