नई दिल्ली, एजेंसी। तुर्किए ने दावा किया है कि नाटो की हवाई रक्षा प्रणाली ने ईरान से दागी गई दूसरी बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया। यह तुर्किए के हवाई क्षेत्र में घुस गई थी। ईरान ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन उसने बार-बार कहा है कि वह क्षेत्रीय देशों के साथ युद्ध में नहीं है और तुर्किये को निशाना नहीं बना रहा है।
तुर्किए ने की थी मध्यस्थता की कोशिश
तुर्किए के रक्षा मंत्रालय ने कहा, हम अपने हवाई क्षेत्र पर किसी भी खतरे के खिलाफ कदम उठाएंगे। यह स्पष्ट नहीं था कि मिसाइल किस दिशा में जा रही थी। माना जा रहा है कि यह तुर्किए स्थित इंसिरलिक हवाई अड्डे पर तैनात अमेरिकी वायु सेना को निशाना बनाकर दागी गई थी।तुर्किए ने पिछले सप्ताह शुरू हुए युद्ध से पहले अमेरिका-ईरान वार्ता में मध्यस्थता की कोशिश की थी। उसने पहले कहा था कि उसका वर्तमान में नाटो के अनुच्छेद 4 को लागू करने का कोई इरादा नहीं है, जिसके तहत किसी सदस्य देश पर खतरा होने पर सहयोगी देशों को परामर्श करने के लिए कहा जाता है। इस बीच, तुर्किए ने सोमवार को उत्तरी साइप्रस में छह एफ-16 लड़ाकू जेट और वायु रक्षा प्रणालियां तैनात कीं, ताकि तुर्किये समुदाय की सुरक्षा को बढ़ाया जा सके। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स और ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यारियाकोस मित्सोटाकिस से मुलाकात के बाद मैक्रों ने कहा, हम एक विशुद्ध रूप से रक्षात्मक, सुरक्षा मिशन स्थापित करने की प्रक्रिया में हैं, जिसे यूरोपीय और गैर-यूरोपीय दोनों देशों के साथ मिलकर तैयार किया जाना चाहिए। क्रिस्टोडौलाइड्स ने कहा कि साइप्रस ईरान संघर्ष से संबंधित किसी भी सैन्य अभियान में शामिल नहीं होगा।





