खुलासा; पति ने की थी पत्नी की हत्या, शव को कट्टे में डालकर जंगल में फेंका

देहरादून : बीते दिनों मांडूवाला के जंगल में महिला का शव बोरे में बंद मिला था। तब से पुलिस महिला की शिनाख्त में जुटी थी। थानाक्षेत्र के मांडूवाला स्थित जंगल में 11 मार्च को जिस महिला की सड़ी-गली लाश मिली थी उसका हत्यारोपी पति ही निकला। पुलिस ने बृहस्पतिवार को हत्यारोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी ने दूसरी पत्नी से बात करने का विरोध करने पर गला दबाकर हत्या करने की बात कबूली है।एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी रंजीत शर्मा मूलरूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला है। वर्ष 2009 में उसकी शादी रूपा से हुई थी। करीब चार वर्ष पहले 2021 में रूपा ने पति को छोड़कर दूसरे युवक से विवाह कर लिया। इसके बाद रंजीत ने भी पास के गांव में रहने वाली सुशीला नाम की महिला से शादी कर ली। करीब एक वर्ष पहले रूपा अपने दूसरे पति को छोड़कर उसके पास वापस आ गई। रूपा के साथ 11 महीने की बेटी भी थी। दोनों पत्नियां गांव में रह रहीं थी। रंजीत देहरादून के भाटोवाला में रहकर मजदूरी करता था। पिछले महीने 23 तारीख को रूपा अपनी बच्ची को लेकर देहरादून आई थी।वह लगातार रंजीत पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। पांच मार्च को रंजीत अपनी दूसरी पत्नी सुशीला से फोन पर बात कर रहा था। रूपा ने उसका फोन छीन लिया। इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। रंजीत ने गुस्से में आकर रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के करीब तीन दिन बाद आठ मार्च को उसने शव को बोरे में भरकर मांडूवाला के जंगल में फेंक दिया। इसके लिए उसने अपने ठेकेदार की बाइक ली थी। इसमें बांधकर उसने शव को जंगल तक पहुंचाया।होली के बाद रंजीत के अकेले काम पर जाने से पुलिस को हुआ शक
घटना के बाद पुलिस ने महिला के कपड़े और हुलिये से यह अंदाजा लगा लिया था कि वह किसी मलिन बस्ती की रहने वाली है। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र की सभी मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों से जानकारी जुटाई। साथ ही 30 से अधिक मलिन बस्तियों में रहने वाले करीब पांच हजार लोगों का सत्यापन किया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमें काम कर रहीं थीं। कई दिनों की तहकीकात के बाद पुलिस को एक व्यक्ति के संदेहास्पद होने की सूचना मिली।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *