नईदिल्ली। बिहार चुनाव 2025 के दूसरे चरण का कल मतदान होना है। जिसमें 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हए धमाके के बाद बिहार में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं दूसरे चरण की वोटिंग के लिए तैयारी पूरी हो गई है। इस चरण में 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान का समय तय है। इस चरण में मतदान के साथ ही, पूर्व उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद व रेणू देवी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम कुमार, कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार एवं लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी का भाग्य भी ईवीएम में बंद हो जाएगा।
वहीं पहले चरण के मतदान संपन्न हो जाने के 4 दिन बाद भी सीटवार जेंडर वाइस डाटा (महिला-पुरुष मतदान आंकड़े) उपलब्ध नहीं होने पर तेजस्वी यादव समेत पूरे विपक्ष ने चुनाव आयोग की घेराबंद शुरू कर दी है। और सवाल खड़े कर रहे हैं। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि आयोग ने इस मामले पर जवाब देते हुए कहा है कि सीटवार महिला-पुरुषओं के मतदान आंकडे़ फाइनल वोटिंग के बाद दिए जाते हैं। यानी कि दूसरे चरण के बाद सभी आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे। 11 नवंबर को सेकंड फेज का मतदान है।
दिल्ली में लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके की घटना को गंभीरता से लेते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट जारी किया है। सभी पुलिस अधीक्षकों को भीड़ भाड़ भरे इलाकों में निगरानी रखने के साथ ही आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गये हैं। मालूम हो कि विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार के 20 जिलों में पहले से ही अलर्ट है। शेष 18 जिलों को भी संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गये हैं।





