संसद में आज से महिला आरक्षण-परिसीमन पर चर्चा

 नई दिल्ली, एजेंसी। संसद में आज से महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा शुरू होगी। संविधान में संशोधन की तैयारी के लिए बुलाए गए तीन दिवसीय विशेष सत्र से पहले पीएम मोदी ने कहा कि देश नारी सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। लोकसभा में आज से 18 घंटे की चर्चा शुरू होगी। इन बदलावों के बाद देश की संसद में 33% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का रास्ता साफ हो जाएगा।  केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सभी दल मिलकर इस बिल को पास करेंगे और जो इसका विरोध करेंगे, वे खुद अलग-थलग पड़ जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इस बिल को पास नहीं करेंगे, उनके घर में भी समर्थन नहीं मिलेगा। उनके इस बयान को विपक्ष पर दबाव बनाने के रूप में देखा जा रहा है। इसी दौरान उन्होंने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर भी बात की। गिरिराज सिंह ने कहा कि किसी भी राज्य के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी राज्यों के साथ समान व्यवहार होगा।

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस समय संसद का विशेष सत्र बुलाना गलत मंशा से किया गया फैसला है, क्योंकि तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार चल रहा है। कार्ति चिदंबरम के अनुसार, सरकार जानबूझकर विपक्षी दलों के प्रचार को प्रभावित करने के लिए संसद सत्र बुला रही है। उन्होंने इसे सरकार की छिपी हुई रणनीति बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को परिसीमन से जोड़ना सही नहीं है। उनका कहना है कि विपक्ष महिला आरक्षण का समर्थन करता है, लेकिन परिसीमन के साथ इसे जोड़ना सरकार की “चाल” है। कार्ति चिदंबरम ने साफ कहा कि विपक्ष, खासकर INDIA गठबंधन, परिसीमन विधेयक का विरोध करेगा और सरकार के पास इसे पास कराने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *