उत्तर भारत में सर्द हवाओं का दौर शुरू, 6 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

 नई दिल्ली। उत्तर पश्चिम मानसून की विदाई के बाद जहां सर्द हवाओं ने उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में डेरा जमाना शुरू कर दिया है, तो वहीं दक्षिण भारत में उत्तर पूर्व मानसून की एंट्री हो चुकी है। ऐसे में मौसम विभाग ने तमिलनाडु समेत कई राज्यों में अगले 7 दिन तक भारी वर्षा की संभावना जताई है।

IMD के अनुसार, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में 7 दिन तक झमाझम बारिश होगी। वहीं, अरब सागर पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका है, जो चक्रवात (Cyclonic Circulation) का रूप ले सकता है। यह कम दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ते हुए और भी मजबूत होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर पूर्व मानसून के कारण कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र के दक्षिणी हिस्से, केरल, तेलंगाना और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा लक्षद्वीप और पुडुचेरी पर भी इसका प्रभाव होगा। मौसम विभाग ने इस सभी जगहों पर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

दक्षिण भारत में बदलते मौसम का असर मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों पर भी हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज एमपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, ओडिशा में 19-20 अक्तूबर को बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

IMD के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में 30 अक्तूबर तक बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। इस बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। खासकर उत्तराखंड में अगले दो दिन तक बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे पहाड़ी राज्यों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्के कोहरे के साथ धुंध रहने की संभावना है। आज पूरे दिन तापमान 18-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। उत्तर पश्चिम की ओर से आने वाली ठंडी हवाएं गुलाबी ठंड के एहसास को बढ़ा सकती हैं। वहीं, बढ़ती ठंड के साथ दिल्ली की खराब हवा (AQI) भी परेशानी का सबब बन सकती है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *