नई दिल्ली, एजेंसी। बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के दौरान सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम को सम्मानित करेगा जिन्होंने हाल ही में टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। इतना ही नहीं नमन अवॉर्ड्स के दौरान सभी पांच भारतीय टीमों का सम्मान होगा जिन्होंने हाल ही में आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की है। इस दौरान पुरुष टी20 टीम के अलावा, महिला विश्व कप 2025 की विजेता, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की विजेता, अंडर-19 विश्व कप 2026 और महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप 2025 की विजेता भारतीय टीम को सम्मानित किया जाएगा।अपनी कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले मुंबई के आयुष म्हात्रे को घरेलू सीमित ओवर के टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर का अवॉर्ड मिलेगा। इस पुरस्कार को लाला अमरनाथ अवॉर्ड के नाम से जाना जाता है। वहीं, विदर्भ के हर्ष दुबे को 2024-25 रणजी ट्रॉफी सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना गया है।
बिन्नी, द्रविड़ और मिताली को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
बीसीसीआई ने पूर्व भारतीय खिलाड़ी रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को कर्नल सी.के. नायुडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित करने का फैसला किया है। वहीं, महिलाओं में यह पुरस्कार मिताली राज को दिया जाएगा। बिन्नी बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं, जबकि द्रविड़ के कोचिंग कार्यकाल में भारत ने 2024 टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। मिताली को भी भारत में महिला क्रिकेट में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जा रहा है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से आयोजित ‘नमन अवॉर्ड्स 2026’ में आज भारतीय क्रिकेट के कई सितारों को सम्मानित किया जाएगा। इस समारोह में पुरुष क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभमन गिल को प्रतिष्ठित ‘पॉली उमरीगर क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से नवाजा जाएगा, जबकि महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना को ‘वुमन क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विश्व कप विजेता खिलाड़ियों सहित भारतीय क्रिकेट में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई अन्य खिलाड़ियों और प्रतिभाओं को भी बीसीसीआई की ओर से सम्मान दिया जाएगा।





