एशिया कप : लंबे समय बाद टी20 टीम में नजर आएंगे बुमराह 

नई दिल्ली. भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अगले महीने होने वाले एशिया कप के लिए खुद को उपलब्ध रखा है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह ने कुछ दिनों पहले चयनकर्ताओं से बात की थी और इस टूर्नामेंट में खेलने की जानकारी दी थी। बताया जा रहा है कि अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति 19 अगस्त को मुंबई में बैठक करेगी और एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनेगी।

एशिया कप का आयोजन यूएई में नौ से 28 सितंबर तक होगा। यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा। सूत्रों ने कहा, बुमराह ने चयनकर्ताओं को बताया है कि वह एशिया कप के लिए उपलब्ध रहेंगे। जब चयन समिति के सदस्य अगले सप्ताह बैठक करेंगे तो वे इस पर चर्चा करेंगे। 

एशिया कप का आयोजन इस बार टी20 प्रारूप में होना है इसलिए बुमराह को लंबे स्पैल नहीं करने होंगे और टीम प्रबंधन के पास यह विकल्प भी होगा कि उन्हें किस मैच में आराम देना है। एशिया कप की शुरुआत और बुमराह के आखिरी बार खेलने में 40 दिनों का अंतराल होगा। बुमराह ने भारत के लिए आखिरी बार टी20 मुकाबला पिछले साल टी20 विश्व कप के फाइनल में खेला था, जहां भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात रनों से हराया था। बुमराह ने उस मैच में 18 रन देकर दो विकेट लिए थे। 



Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *