गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के भराड़ीसैंण स्थित परिसर में मंगलवार को सियासी माहौल गरमा गया। विधानसभा सत्र के दौरान जहां सदन के भीतर सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक मुद्दों को लेकर हलचल रही, वहीं बाहर कांग्रेस, उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी), स्वराज सेवा दल और प्रधान संघ से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने मोर्चा खोल दिया। विधानसभा की ओर कूच करने और बैरिकेडिंग पार करने की कोशिशों के बीच पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत कांग्रेस के कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया। दिवालीखाल और जंगलचट्टी क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुटने के साथ ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताया और आगे बढ़ने का प्रयास किया। कांग्रेस नेता करण माहरा समेत कई कार्यकर्ता बैरियर पर चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें पीछे धकेलकर आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।





